- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: पर्यावरण...
Lucknow: पर्यावरण संरक्षण में मिसाल बन रहा ‘एक पेड़ मां के नाम’: सीएम योगी

लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ +वृक्षारोपण महा अभियान 2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के सभी महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, ब्लॉक पंचायत सदस्य, पार्षद, सभासद एवं ग्राम प्रधानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।
सीएम योगी ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप विश्व पर्यावरण दिवस (5 जून) के दिन शुरू हुआ यह अभियान सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विगत 8 वर्षों में नियोजित प्रयासों के माध्यम से प्रदेश का वन आच्छादन 9 प्रतिशत से बढ़कर 10 प्रतिशत हो गया है। आज हरित आवरण वृद्धि में उत्तर प्रदेश, देश में दूसरे स्थान पर है। वर्ष 2017 से 2024 के बीच हरित आवरण में 5 लाख एकड़ की वृद्धि हुई है।
वहीं वर्ष 2021 से 2023 के बीच वनावरण एवं वृक्षावरण में 1 लाख 38 हजार एकड़ की वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 से 2023 तक हरित आवरण में कुल 3.38 लाख एकड़ की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। योगी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को हम कैसी पृथ्वी देकर जाएंगे, इसके दृष्टिगत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से सभी का जुड़ना आवश्यक है। इस अभियान को जन आंदोलन बनाकर ही सफल बनाया जा सकता है। इसके लिए लोगों को जागरूक करें।





