- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: छांगुर बाबा...
Lucknow: छांगुर बाबा के 14 ठिकानों पर ED-ATS की छापेमारी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण के आरोपों में घिरे जमालुद्दीन उर्फ छांगुर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय और एटीएस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा शिकंजा कस दिया है। गुरुवार सुबह 5 बजे से ईडी की टीमें बलरामपुर जिले के उतरौला में 12 और मुंबई में 2 स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। कुल 14 ठिकानों पर तलाशी की यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) और विदेशी फंडिंग (Foreign Funding) से जुड़े एंगल की जांच को लेकर की जा रही है।
छांगुर के खिलाफ ईडी की छापेमारी
जमालुद्दीन उर्फ छांगुर पर आरोप है कि वह बड़ी संख्या में लोगों का जबरन धर्मांतरण (Forced Conversion) कराता था और इसके लिए उसे विदेशी फंडिंग मिल रही थी। ईडी की टीमों ने उतरौला स्थित उसके प्रतिष्ठानों के ताले खुलवाकर दस्तावेजों और डिजिटल डेटा की तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार छांगुर का नेटवर्क अन्य जिलों और राज्यों में भी फैला हुआ है, जिसकी गहन पड़ताल की जा रही है।
एटीएस की रातों रात कार्रवाई
बुधवार देर रात एटीएस की टीम ने उतरौला बस अड्डा रोड पर कार्रवाई करते हुए छांगुर के भतीजे सोहराब को हिरासत में ले लिया। सोहराब पर आजमगढ़ में धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। उसे एक बैंक के सामने से पूछताछ के बाद उठाया गया।
गवाह पर हमला
अवैध धर्मांतरण मामले में एटीएस के गवाह हरजीत कश्यप पर भी जानलेवा हमला हुआ। हरजीत ने बयान में कहा कि छांगुर के गुर्गों रियाज, कमालुद्दीन और नव्वाब ने उन्हें रास्ते में रोककर बुरी तरह पीटा और लखनऊ में बयान बदलने का दबाव बनाया। आरोपियों ने कहा, “योगी सरकार गई तो तुम्हें सबक सिखाया जाएगा।”
पुलिस ने मामले में तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। हरजीत ने तीन जुलाई को लखनऊ में बयान दर्ज कराया था, जिसमें उसने छांगुर पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था।
गोंडा में एटीएस की दबिश
मंगलवार रात एटीएस की एक टीम गोंडा जिले के रेतवागाड़ा गांव पहुंची, जहां छांगुर के करीबी रमजान की तलाश की गई। रमजान कथित रूप से धर्मांतरण कार्यक्रमों में ढोलक बजाने के साथ-साथ लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करता था। बताया गया कि वर्ष 2024 में उसकी मौत हो चुकी है, फिर भी एटीएस उसके नाम वाले एक अन्य संदिग्ध की तलाश में जुटी है।





