- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: नगर निगम की...
Lucknow: नगर निगम की ढील से ऐशबाग में फुटपाथ कब्जे का सिलसिला जारी

लखनऊ: ऐशबाग में अवैध कब्जेदार रस्तोगी इंटर कॉलेज और मूक बधिर कॉलेज की बाउंड्री के पास फुटपाथ पर फिर कब्जा करने लगे हैं। पिछले महीने नगर निगम ने यहां फुटपाथ और नाले पर कब्जा करके बनाये गए 35 पक्के निर्माण और झुग्गियां अभियान चलाकर ध्वस्त कर दिये थे। अभी लगभग 25 अवैध निर्माण और तोड़े जाने हैं, लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी ही इन्हें फिर कब्जा करने का मौका दे रहे हैं। जिन कब्जेदारों के निर्माण तोड़े गए थे वे अभी भी फुटपाथ पर ही जमे हैं। उन्होंने गृहस्थी का सामान फुटपाथ और सड़क तक फैला दिया है।
उच्च न्यायालय से अवैध कब्जेदारों को नहीं मिली राहत: जिन 25 अवैध कब्जेदारों के निर्माण तोड़े जाने हैं, उनको नगर निगम ने समय दे दिया था। बताया जा रहा है कि नगर निगम के कुछ सफाई कर्मचारियों के भी यहां अवैध निर्माण हैं। अवैध कब्जेदार नगर निगम की ध्वस्तीकरण कार्रवाई रोकने के लिए मई में उच्च न्यायालय भी गए थे लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। इसके बाद भी नगर निगम जोन 2 के अधिकारी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई न करके न्यायालय से नोटिस मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
कालोनी के निवासी लगा रहे सांठ-गांठ का आरोप: रामलीला मैदान से रामनगर कालोनी जाने वाले मार्ग पर फुटपाथ पर दोनों ओर अवैध कब्जेदारों के अतिक्रमण से क्षेत्रीय निवासी परेशान हैं। उनका आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों की अवैध कब्जेदारों से सांठ-गांठ हो गई है। इसलिए उन्हें फुटपाथ से हटाया जा रहा है न अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। वहीं जोनल अधिकारी जोन 2 शिल्पा कुमारी का कहना है कि नगर निगम के अधिवक्ता की ओर से न्यायालय की नोटिस मिल जाने के बाद ध्वस्तीकरण के लिए पुलिस बल की मांग की जाएगी।





