- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: अस्पताल में...
Lucknow: अस्पताल में डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित किया

लखनऊ: कृष्णानगर थाना क्षेत्र के संगम विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति गली में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से व्यक्ति को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान करन गुप्ता (49 वर्ष) पुत्र जीवनलाल गुप्ता, निवासी देवपुर नई बस्ती, थाना पारा, लखनऊ के रूप में हुई है। घटना के समय मृतक के पुत्र आयुष गुप्ता और भांजे विशाल गुप्ता भी मौके पर मौजूद थे। परिजनों के अनुसार करन गुप्ता अचानक गली नंबर-8, संगम विहार कॉलोनी में चलते समय अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर करन गुप्ता को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल स्थित मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। प्रथम दृष्टया मामला अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।कृष्णानगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है और परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।





