- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: अपर्णा यादव...
Lucknow: अपर्णा यादव और प्रतीक यादव का तलाक, पोस्ट से बढ़ी चर्चाएँ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के भाई और मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक और निजी हलकों में हलचल मच गई है। इंस्टाग्राम पर @iamprateekyadav नामक अकाउंट से साझा किए गए पोस्ट में पत्नी एवं भाजपा नेत्री अपर्णा यादव से अलग होने की बात कही गई है।
पोस्ट में लिखा गया है कि वैवाहिक संबंधों के चलते पारिवारिक रिश्तों में दरार आई है और मानसिक तनाव बढ़ गया है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि अपर्णा यादव केवल प्रसिद्धि और प्रभाव बढ़ाने में रुचि रखती हैं और पारिवारिक भावनाओं की अनदेखी की गई है। भावनात्मक शब्दों में यह भी कहा गया कि मौजूदा हालात में मानसिक स्थिति बेहद खराब है।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अब तक न तो प्रतीक यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है और न ही अपर्णा यादव या उनके परिजनों ने इस पोस्ट की पुष्टि की है। परिवार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अपर्णा यादव फिलहाल बाहर हैं और यह आशंका भी जताई जा रही है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से छेड़छाड़ या हैकिंग की घटना हो सकती है।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पोस्ट तक ही सीमित है, लेकिन सियासी परिवार से जुड़ा होने के कारण इसे लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आधिकारिक पुष्टि के अभाव में स्थिति साफ होने का इंतजार किया जा रहा है।





