उत्तर प्रदेश

Lucknow: मां की हत्या के आरोप में बेटी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

Admindelhi1
19 May 2025 1:52 PM IST
Lucknow: मां की हत्या के आरोप में बेटी और उसका प्रेमी गिरफ्तार
x
पुलिस ने नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने रविवार की सुबह चिनहट क्षेत्र में एक महिला की हत्या के आरोप में उसकी नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्वी क्षेत्र) शशांक सिंह ने बताया कि चिनहट थाना क्षेत्र में ऊषा सिंह (40) नामक महिला का शव आज सुबह उसके घर में पाया गया। उसकी गला काटकर हत्या की गयी थी। अपराध स्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को ऊषा की 15 वर्षीय बेटी पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी तो उसने अपनी मां की हत्या की बात कुबूल कर ली। इस मामले में उसके 17 वर्षीय प्रेमी को भी गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि अभियुक्तों ने कुबूल किया है कि उन्होंने कपड़े से ऊषा सिंह का गला घोंटा और फिर कांच के टुकड़े से उसका गला काट दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए दोनों ने शव को निर्वस्त्र कर दिया। हत्या की योजना बहुत ही सावधानी से बनाई गई थी और इस घटना को दुष्कर्म और हत्या का मामला बनाने की कोशिश की गई थी।

ऊषा सिंह ने कहा, ”हत्या के बाद बेटी अपने प्रेमी के साथ बेंगलुरु भागने की योजना बना रही थी लेकिन पुलिस की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।”

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि नाबालिग लड़की को पिछले साल उसके प्रेमी ने कथित तौर पर अगवा कर लिया था। ऊषा सिंह ने बाद में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

सिंह ने कहा, ”कुछ महीने पहले हिरासत से रिहा होने के बाद युवक ने अपनी प्रेमिका के साथ फिर से संपर्क स्थापित किया और अपने साथ हुई घटना के लिये ऊषा को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद उसने अपनी प्रेमिका के साथ हत्या की योजना बनाई।”

पुलिस ने पुष्टि की है कि घर में केवल ऊषा सिंह और उसकी बेटी ही रहती थीं। ऊषा के पति योगेंद्र सिंह का 12 साल पहले निधन हो गया था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं।

Next Story