उत्तर प्रदेश

Lucknow: गवाही से गैरहाजिर प्रभारी निरीक्षक पर अदालत की सख्ती, गिरफ्तारी वारंट जारी

Admindelhi1
19 Feb 2025 12:21 PM IST
Lucknow: गवाही से गैरहाजिर प्रभारी निरीक्षक पर अदालत की सख्ती, गिरफ्तारी वारंट जारी
x
100 रुपये का अर्थदंड

लखनऊ: हत्या के एक मामले में बार-बार गवाही के लिए उपस्थित न होने पर एडीजे वायु नंदन मिश्र ने प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार यादव पर 100 रुपये का अर्थदंड लगाया है। अदालत ने कानपुर नगर के पुलिस आयुक्त को आदेश दिया है कि जुर्माने की राशि प्रभारी निरीक्षक के वेतन से काटकर अदालत में जमा कराई जाए।

गिरफ्तारी वारंट और पुलिस महानिदेशक को निर्देश

अदालत ने कानपुर के थाना रावतपुर में तैनात प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार यादव के खिलाफ एक बार फिर गिरफ्तारी वारंट और नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।

इसके साथ ही, अदालत ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर निर्देश दिया है कि गवाह को गिरफ्तार कर अगली सुनवाई पर अदालत में पेश किया जाए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो इसे अदालत की अवमानना माना जाएगा।

12 बार तारीख लगने के बाद भी गैरहाजिर

यह मामला थाना काकोरी से संबंधित हत्या केस का है, जिसमें प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार यादव की गवाही महत्वपूर्ण है। अक्टूबर 2024 से अब तक 12 बार सुनवाई की तारीखें तय की जा चुकी हैं, लेकिन वह अब तक अदालत में हाजिर नहीं हुए।

उनके खिलाफ पहले ही गैरजमानती वारंट और नोटिस जारी किए जा चुके हैं, बावजूद इसके उन्होंने न तो अदालत में पेशी दी और न ही कोई प्रार्थना पत्र भेजा।

अदालत की कड़ी टिप्पणी

अदालत ने गवाह की गैरहाजिरी को "खेदजनक और आश्चर्यजनक" बताया है। अदालत ने कहा कि हाईकोर्ट ने इस मुकदमे को शीघ्र निस्तारित करने का आदेश दिया है, लेकिन गवाह की अनुपस्थिति न्यायिक प्रक्रिया में बाधा बन रही है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी।

Next Story