उत्तर प्रदेश

Lucknow: भाजपा शासन में भ्रष्टाचार ने बढ़ाया जनता का दुख: अखिलेश यादव

Admindelhi1
13 Jun 2025 2:23 PM IST
Lucknow: भाजपा शासन में भ्रष्टाचार ने बढ़ाया जनता का दुख: अखिलेश यादव
x

लखनऊ: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के कारण अन्याय, अत्याचार हो रहा है। वसूली और जमीनों की लूट हो रही है। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। हर वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण बेरोजगारी की भयंकर स्थिति है।

सपा प्रमुख गुरुवार को गोमती नगर के विभूतिखंड स्थित होटल बजट इन के उद्घाटन एवं पुस्तक भेंट कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर होटल के मालिक श्रवण यादव एवं शिवदास रस्तोगी ने अखिलेश यादव का स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि कारोबार लोगों को जोड़ता है। नौकरी और रोजगार देता है लेकिन भाजपा नफरत फैलाने का काम करती है। समाज में दूरी पैदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान विरोधी है। सपा सरकार में किसान बाजार बनाया था। वहां किसानों को सुविधा मिलती थी लेकिन किसान बाजार भाजपा को पसंद नहीं आया।

अखिलेश यादव ने कहा कि आरएसएस और उसके संघ के लोग स्वदेशी की बात करते हैं लेकिन पूरा भारतीय बाजार चीनी सामानों से भरा पड़ा है। भाजपा सरकार को चीनी सामानों के आयात पर रोक लगाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के 11 वर्ष में और उप्र. के लगभग नौ वर्ष के इन दोनों की 20 वर्ष की सरकार में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं हुआ। प्रदेश की बिजली, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया। बिजली व्यवस्था को जानबूझ कर बर्बाद कर दिया। अब बिजली का निजीकरण करने की तैयारी कर रही है। सपा बिजली के निजीकरण के खिलाफ है। भाजपा बिजली विभाग का निजीकरण कर विभाग की नौकरियों में आरक्षण खत्म करना चाहती है। भाजपा ने बिजली उत्पादन नहीं बढ़ाया लेकिन उपभोक्ताओं को महंगा बिजली बिल आता है। बिजली उपभोक्ताओं का बिल आधा होना चाहिए।

Next Story