उत्तर प्रदेश

Lucknow: फर्रुखाबाद के बागवान योगेन्द्र गंगवार को मुख्यमंत्री का सम्मान

Admindelhi1
4 July 2025 7:44 PM IST
Lucknow: फर्रुखाबाद के बागवान योगेन्द्र गंगवार को मुख्यमंत्री का सम्मान
x

लखनऊ: दिनांक 4 से 6 जुलाई, 2025 तक शहीद पथ, लखनऊ स्थित अवध शिल्प ग्राम योजना, सेक्टर-9 में उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘उत्तर प्रदेश आम महोत्सव–2025’ का आयोजन भव्य रूप से किया गया। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुआ।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वतंत्र प्रभार उद्यान मंत्री, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, निदेशक उद्यान दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव बीएल मीणा एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के सचिव श्री भानु प्रकाश राम भी मौजूद रहे।

महोत्सव के पहले दिन प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये 10 उत्कृष्ट आम उत्पादकों का चयन किया गया, जिसमें जनपद फर्रुखाबाद से श्री योगेन्द्र सिंह गंगवार ग्राम–बरझाला विकास खंड–कायमगंज का चयन हुआ। उनके आम के बाग की कुल क्षेत्रफल 2.0 हेक्टेयर है, जिसमें दशहरी, आम्रपाली, चौसा, मल्लिका आदि किस्मों का उत्पादन किया जाता है।

योगेन्द्र सिंह ने इंडियन इंस्टिट्यूट पैकेजिंग संस्थान की आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर आमों की गुणवत्ता व शेल्फ लाइफ में सुधार किया। उनके आम अब इटावा, मैनपुरी, आगरा व आजादपुर मंडी, दिल्ली के अलावा राजस्थान (जयपुर), मध्य प्रदेश (इंदौर) जैसे राज्यों में भी बिकते हैं।

उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न सिर्फ योगेन्द्र सिंह बल्कि पूरे फर्रुखाबाद जनपद के लिए गौरव की बात है।

Next Story