उत्तर प्रदेश

Lucknow: हजरतगंज कोतवाली में फर्जी आईएएस और उसके परिवार पर छेड़छाड़ व धोखाधड़ी का मामला दर्ज

Admindelhi1
3 March 2025 9:37 AM IST
Lucknow: हजरतगंज कोतवाली में फर्जी आईएएस और उसके परिवार पर छेड़छाड़ व धोखाधड़ी का मामला दर्ज
x
"आरोपी दंपति पर पहले से ही करीब 20 लोगों से दो करोड़ रुपये ठगने का मामला इंदिरानगर थाने में दर्ज है"

लखनऊ: कोलंबो में तैनात अधिकारी की पत्नी ने एक फर्जी आईएएस अधिकारी और उसके परिवार के खिलाफ छेड़छाड़ समेत गंभीर आरोपों में हजरतगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के अनुसार, मामले की जांच जारी है। वहीं, आरोपी दंपति पर पहले से ही करीब 20 लोगों से दो करोड़ रुपये ठगने का मामला इंदिरानगर थाने में दर्ज है।

ऐसे हुई दोस्ती और धोखाधड़ी

एलडीए कॉलोनी निवासी पीड़िता के पति एक मल्टीनेशनल कंपनी में इंटरनेशनल मैनेजर हैं। किटी पार्टी के दौरान उनकी मुलाकात इंदिरानगर निवासी रश्मि सिंह से हुई। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती गहरी हो गई। रश्मि ने अपने पति अशोक सिंह को एक आईएएस अधिकारी बताया, और कई बार अशोक सिंह ने भी महिला से फोन पर बातचीत की।

बाद में, रश्मि ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया और बताया कि उसके पति के अनैतिक संबंध हैं। भरोसा जीतने के बाद, उसने पीड़िता से अलग-अलग मौकों पर कई बार पैसे भी लिए।

छेड़छाड़ और धमकी का आरोप

पीड़िता के अनुसार, 15 अप्रैल 2024 को रश्मि सिंह ने उसे सहारागंज बुलाया। जब वह वहां पहुंची, तो रश्मि अपने पति अशोक सिंह और बेटी के साथ कार में थी। बातचीत के लिए उसे भी कार में बैठा लिया गया। इसके बाद, रश्मि और उसकी बेटी किसी बहाने से फूड कोर्ट चली गईं, और इसी दौरान अशोक सिंह ने छेड़छाड़ करते हुए महिला के कपड़े फाड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने मारपीट भी की।

जब पीड़िता ने मां-बेटी को यह बात बताई, तो उन्होंने उल्टा उसे ही धमकाया। लोकलाज के डर से वह पहले रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सकी। लेकिन जब उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी, तो 26 फरवरी 2025 को हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Next Story