- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: डिवाइडर से...
Lucknow: डिवाइडर से टकराई कार, अयोध्या से लौट रहे 6 लोग घायल

लखनऊ: बिजनौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से एक महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का लोक बंधु अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह घटना दोपहर करीब 1 बजे शहीद पथ रोड पर बिजनौर में औरंगाबाद के पास हुई। अयोध्या से लौट रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला दाहिना टायर फट गया और वह बाईं ओर पुल की रेलिंग में जा घुसी।पुलिस के अनुसार, लखीमपुर के मोतीपुर खीरी निवासी रमेश कुमार (40), उनकी पत्नी रीता (35), शिवम मौर्या (35), शिवम की पत्नी प्रियांशु (32), रमेश की बेटी अंशिका (15) और प्रज्ञा मौर्य (10) अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। ये सभी दर्शन के बाद अपनी कार से वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कार से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत लोक बंधु अस्पताल ले जाया गया। रीता की हालत अधिक नाजुक होने के कारण उन्हें ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज लोक बंधु अस्पताल में जारी है।





