- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: भाजपा विधायक...
Lucknow: भाजपा विधायक को नोटिस, जलशक्ति मंत्री बंधक विवाद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को कथित रूप से बंधक बनाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत को नोटिस जारी करते हुए सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
यह घटना 30 जनवरी की बताई जा रही है, जब जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री को रास्ते में रोक लिया और काफी देर तक उन्हें जाने नहीं दिया। इस घटना से पार्टी नेतृत्व के सामने असहज स्थिति पैदा हो गई थी।
मुख्यमंत्री को रोकने की धमकी वाला वीडियो वायरल
मंत्री को रोकने के बाद विधायक का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह कहते नजर आए कि जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री को भी रोकेंगे। वीडियो में विधायक यह भी कहते हैं कि किसी को बंधक बनाना उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं है और यह उनका व्यक्तिगत नहीं बल्कि जनता और विकास से जुड़ा मुद्दा है।
विधायक का बयान
वायरल वीडियो में विधायक कहते हैं, “मैं अपनी बात सड़क पर रख रहा हूं, तो इसमें किसी को आपत्ति क्यों हो रही है। आप सबके आशीर्वाद से ही मंत्री जी को रोका है। यह जनता और विकास की बात है, किसी ठेके, पट्टे या पदोन्नति की मांग नहीं कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान जो अधिकारी काम नहीं करता था, उसे चूड़ियां पहनाई जाती थीं। विधायक ने यह भी कहा कि विधायक बनने से पहले वह बुंदेलखंड अधिकार सेना से जुड़े थे और भाजपा में आने के बाद से पार्टी अनुशासन में रहकर काम कर रहे हैं।भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने इस पूरे मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए विधायक से लिखित जवाब मांगा है। अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि सात दिन में विधायक की ओर से क्या सफाई दी जाती है।





