उत्तर प्रदेश

Lucknow: यूपी की शिक्षा व्यवस्था पर बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का बड़ा बयान

Admindelhi1
26 May 2025 8:59 PM IST
Lucknow: यूपी की शिक्षा व्यवस्था पर बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का बड़ा बयान
x
यूपी की शिक्षा व्यवस्था बन चुकी है मॉडल फॉर इंडिया: संदीप सिंह

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था अब केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह जनविश्वास और भविष्य निर्माण की मजबूत नींव बन चुकी है। लोक भवन में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के शुभारम्भ, शिलान्यास, लोकार्पण और उद्घाटन समारोह में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था देश के लिए एक मॉडल बन चुकी है।

मंत्री ने कहा कि बीते आठ वर्षों में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा विभाग ने जो कार्य किए हैं, वे केवल आंकड़ों की गिनती नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों को सशक्त बनाने की ठोस योजना हैं। आॅपरेशन कायाकल्प के तहत 1,32,852 परिषदीय विद्यालयों को 11,000 करोड़ रुपये की लागत से नया स्वरूप दिया गया है। 2017 में जहां केवल 36 फीसदी स्कूल ही निर्धारित मानकों पर खरे उतरते थे, वहीं आज यह आंकड़ा 96 प्रतिशत से ऊपर पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश शिक्षा में देश के अग्रणी राज्यों में है। यह केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि सशक्त, समावेशी और शिक्षित समाज के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत किया गया, जिनमें से 683 में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, अतिरिक्त कक्ष और छात्रावास का निर्माण हो चुका है। आईआईटी गांधीनगर के सहयोग से 'क्यूरियोसिटी कार्यक्रम' की शुरुआत भी की गई है।

Next Story