- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: एंटी करप्शन...
Lucknow: एंटी करप्शन टीम का छापा, घूसखोर अधिकारी गिरफ्तार

लखनऊ: मत्स्य पालक विभाग अभिकरण कार्यालय में तैनात मत्स्य निरीक्षक विकास कुमार दीपांकर को विजिलेंस टीम ने 14 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वह फाइल पास करने के नाम पर 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को प्रयागराज लेकर गई। घटना की जानकारी मिलते ही विकास भवन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पट्टी थाना क्षेत्र के रायगढ़ गांव निवासी प्रदीप कुमार सिंह ने 24 अक्टूबर को विजिलेंस विभाग प्रयागराज को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने रायगढ़ गांव के तालाब के मत्स्य पालन पट्टे के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने का आवेदन मत्स्य पालक विभाग के कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा किया था।
आवेदन के बाद जब उन्होंने मत्स्य निरीक्षक विकास कुमार दीपांकर से संपर्क किया तो कई दिन बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल (IGRS) के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद निरीक्षक ने उन्हें बताया कि उनका आवेदन देखा गया है और लगभग एक लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड जारी हो सकता है, लेकिन इसके लिए 15 हजार रुपये देने होंगे।
प्रदीप कुमार सिंह ने इस रिश्वत मांग की सूचना विजिलेंस प्रयागराज को दी। इसके बाद निरीक्षक धनंजय वर्मा के नेतृत्व में एक ट्रैप टीम गठित की गई। गुरुवार को टीम ने विकास भवन प्रतापगढ़ में कार्रवाई करते हुए विकास कुमार दीपांकर को 14 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।





