उत्तर प्रदेश

Lucknow: नशा मुक्ति केंद्र पर हत्या का आरोप

Admindelhi1
4 Sept 2025 8:47 AM IST
Lucknow: नशा मुक्ति केंद्र पर हत्या का आरोप
x

लखनऊ: चिनहट इलाके में एक नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई ने कहा है कि जब उसका भाई गया था तो एकदम स्वस्थ था। नशा मुक्ति केंद्र वालों ने उसे पीटकर मार डाला। कुछ दिन पहले जब डिस्चार्ज कराकर लाए थे तो भाई ने बताया था कि केंद्र वाले बहुत मारते हैं।

डिस्चार्ज कराने के बाद मृतक फिर से नशा करने लगा। इस पर जब केंद्र वालों को बताया गया तो वे बोले कि 5 दिन के लिए फिर एडमिट कर दीजिए। इस बार सही कर दिया जाएगा। पैसे और न देने पर केंद्र वालों ने धमकी दी थी। पूरा मामला चिनहट के निश्चय अस्पताल एवं नशा मुक्ति केंद्र का है। मृतक के भाई निराला नगर अलीगंज निवासी रोहित यादव ने चिनहट थाने में तहरीर दी है। इसमें बताया कि बड़े भाई मोहित यादव शराब पीने के आदी थे। जिनकी लत छुड़ाने के लिए चिनहट स्थित निश्चय अस्पताल एवं नशा मुक्ति केंद्र में दो महीने पहले भर्ती कराया था। 26 अगस्त को वहां से डिस्चार्ज कराकर घर लेकर आए।

मोहित रास्ते भर बताते रहे कि केंद्र में मारते-पीटते बहुत हैं। घर पहुंचते ही वह फिर से शराब पीने लगा। जिसकी शिकायत अस्पताल में की गई तो उन्होंने 5 दिन के लिए फिर से एडमिट कराने की सलाह दी। 31 अगस्त की रात अस्पताल की टीम आई और मोहित को अपने साथ लेकर चली गई। अगले दिन मां कपड़े देने गई तो उन्होंने पैसे की डिमांड की। पैसे न होने की वजह से मां ने कुछ समय मांगा। इस पर अस्पताल मालिक रत्नाकर तिवारी ने धमकी भी दी। मंगलवार रात करीब 10 बजे अस्पताल मालिक का कॉल आया। उन्होंने बताया अस्पताल आ जाओ मोहित की तबीयत खराब है। इसके कुछ देर बाद फिर कॉल आया और बोला गया कि लोहिया अस्पताल आइए।

रोहित अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचे तो वहां पर मोहित मृत अवस्था में मिला। डॉक्टर ने बताया कि उसकी आधे घंटे पहले ही मौत हो चुकी है। आरोप लगाया कि उसके भाई को नशा छुड़ाने के नाम पर बुरी तरह से पीटा गया है। जिसके चलते उसकी मौत हुई है। उसके शरीर पर कई गंभीर चोट के निशान भी मिले हैं। इसके अलावा अस्पताल जाने से पहले वह एकदम ठीक था। बस नशे का आदी था शरीर पर कोई भी निशान नहीं थे। पीड़ित की तहरीर के बाद चिनहट थाना पुलिस जांच कर रही है।

Next Story