- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: मौसम की वजह...

लखनऊ: सुबह दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण दिल्ली जाने वाले तीन विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिए गए। ये तीनों उड़ानें थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल पर लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर उतरीं।एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचने वाली एयर इंडिया की उड़ान (AI 1862) दिल्ली एयरपोर्ट पर कई चक्कर लगाने के बाद भी लैंड नहीं कर सकी। इसके बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया, जो करीब 11:40 बजे लखनऊ पहुंचा।इसी तरह पुणे से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की उड़ान (AI 1838) भी डायवर्ट होकर करीब 11:50 बजे लखनऊ उतरी। वहीं रायपुर से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान (AI 1812) भी डायवर्ट होकर दोपहर करीब 12 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची।
विदेशी महिला यात्री के बैग से मिला प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन
दूसरी ओर, अमौसी एयरपोर्ट पर सोमवार शाम एक विदेशी महिला यात्री के होल्ड बैगेज से देश में प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन मिला।एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सोमवार शाम 7:40 बजे लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (IX 1618) के यात्रियों की जांच के दौरान सीआईएसएफ को महिला के बैग में मोटोरोला सैटेलाइट फोन मिला। इसके बाद महिला को हिरासत में लेकर सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कंबोडिया की रहने वाली है महिला
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रोथा क्रूय बताया, जो कंबोडिया की रहने वाली है।इंस्पेक्टर राजदेव राव प्रजापति के मुताबिक, महिला ने बताया कि वह कंबोडिया में रहने वाले 37 लोगों के दल के साथ भारत घूमने आई थी। यात्रा के दौरान वह दिल्ली सहित अन्य एयरपोर्ट पर भी गई और दल के साथ वाराणसी भी घूमने गई थी।महिला ने बताया कि कंबोडिया में सैटेलाइट फोन का उपयोग आम है, इसलिए वह फोन साथ ले आई थी। पुलिस को कोई संदिग्ध तथ्य न मिलने पर महिला को छोड़ दिया गया।





