उत्तर प्रदेश

Lucknow: नगर निगम टीम पर हमला करने वालों पर कार्रवाई, लखनऊ में पांच गिरफ्तार

Admindelhi1
19 Aug 2026 1:14 PM IST
Lucknow: नगर निगम टीम पर हमला करने वालों पर कार्रवाई, लखनऊ में पांच गिरफ्तार
x
निगम टीम पर हमले के मामले में पुलिस का शिकंजा, पांच अभियुक्त दबोचे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों के खिलाफ मंगलवार को बड़ी और सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने इस कार्रवाई में रात को पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि 16 अगस्त को थाना पारा क्षेत्रान्तर्गत गदियाना बादल खेड़ा, बुद्धेश्वर में अवैध रूप से संचालित डेयरी, अतिक्रमण एवं गंदगी फैलाने के विरुद्ध नगर निगम की टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ नियमानुसार कार्यवाही के लिए पहुंची थी। कार्यवाही के दौरान नगर निगम टीम ने अवैध रूप से पाले जा रहे पशुओं को जब्त करने और जुर्माना लगाए जाने की कार्यवाही से नाराज होकर लोगों ने पुलिस टीम और नगर निगम टीम पर हमला बोल दिया। हमले में नगर निगम के सरकारी वाहनों पर पथराव कर उनके शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने एवं अभियुक्तगण को रोकने का प्रयास किया, जिस पर अभियुक्तों लाठी-डंडे, लोहे की जंजीर आदि से लैस होकर पुलिस टीम पर हमला किया गया। इसमें दारोगा घायल हो गये थे।

घटना के तत्काल बाद पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं आफरीन व खुशबुन को मौके से गिरफ्तार किया था। वहीं, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही थी। पारा थाना पुलिस ने गदियाना आदर्श विहार, बुद्धेश्वर क्षेत्र से वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सराफत अली, रिजवान, मो. सलामुद्दीन अली, शहाबुद्दीन, मो. इस्लाम को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया गया कि उनके द्वारा दूध के व्यापार के उद्देश्य से अपने घरों पर काफी संख्या में भैंसें पालकर डेयरी संचालित की जा रही थी। अभियुक्तगण के पास डेयरी संचालन एवं पशुओं को रखने संबंधी वैध लाइसेंस नहीं थे। नगर निगम द्वारा पूर्व में भी अवैध पशुपालन एवं गंदगी के विरुद्ध कार्रवाई कर चेतावनी दी थी।

16 अगस्त को नगर निगम की टीम के पुलिस बल के साथ पहुंचने पर अभियुक्तगण को अपने पशुओं को जब्त किए जाने एवं जुर्माना लगाए जाने की आशंका हुई। इसी कारण अभियुक्तगण ने पहले नगर निगम के वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास करने पर लाठी-डंडे एवं लोहे की जंजीर आदि से हमला कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की गई थी। पुलिस ने अब पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अभियान के दौरान कुल 197 पशुओं को पकड़कर निरुद्ध कराया गया। इनमें 46 भैंसों को राधा उपवन गौशाला, 40 भैंसों को ठाकुरगंज कांजी हाउस, 31 भैंसों को पीजीआई कांजी हाउस, 33 भैंसों को आलमबाग कांजी हाउस तथा 46 भैंस और एक बड़ी पड़िया को ऐशबाग कांजी हाउस भेजा गया। नगर निगम की टीम ने बुद्धेश्वर, पारा, गढ़ियाना, ज्ञानेन्द्र विहार और शकुंतला मिश्र विश्वविद्यालय रोड पर विशेष अभियान चलाया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों को अवैध डेयरियों के खिलाफ प्रभावी एवं कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

Next Story