उत्तर प्रदेश

Lucknow: सरकारी दिशा-निर्देश के तहत एकल शिक्षक वाले विद्यालयों पर कार्रवाई

Admindelhi1
27 Dec 2025 1:04 PM IST
Lucknow: सरकारी दिशा-निर्देश के तहत एकल शिक्षक वाले विद्यालयों पर कार्रवाई
x

लखनऊ: प्रदेश में एकल शिक्षक वाले परिषदीय विद्यालयों को लेकर शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में 31 दिसंबर तक हर हाल में दूसरे शिक्षक की तैनाती सुनिश्चित की जाए। निर्देशों के बावजूद कार्रवाई न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ने बताया कि नवंबर में शासनादेश जारी होने के बावजूद कई जिलों में एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में अब तक दूसरे शिक्षक की तैनाती नहीं की गई है, जो गंभीर लापरवाही है। बैठक में एकल शिक्षक विद्यालयों की स्थिति, विस्तारित नगर क्षेत्रों में शिक्षकों के समायोजन और हेड मास्टर की वरिष्ठता से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान आगरा, गोरखपुर और प्रयागराज में स्थिति सबसे खराब पाई गई। वहीं गोंडा, कुशीनगर और प्रयागराज के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) तथा कई सहायक निदेशक बेसिक (एडी बेसिक) संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर अपर मुख्य सचिव ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कार्रवाई न होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है।

अपर मुख्य सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि वरिष्ठ शिक्षक को हेड मास्टर का चार्ज न दिए जाने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा गोंडा जिले में रसोइयों को समय से कनवर्जन कास्ट का भुगतान न किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा में आदेशों का पालन न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।

Next Story