उत्तर प्रदेश

Lucknow: यूपी रक्षा औद्योगिक गलियारे में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश का प्रस्ताव

Admindelhi1
13 March 2026 11:52 AM IST
Lucknow: यूपी रक्षा औद्योगिक गलियारे में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश का प्रस्ताव
x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारे (UPDIC) में निवेश को लेकर बड़ी कंपनियों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। विभिन्न कंपनियों ने उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को कुल 35,368 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सौंपे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्षा औद्योगिक गलियारे के कानपुर नोड में 12,803 करोड़ रुपये, झांसी में 11,738 करोड़ रुपये, लखनऊ में 4,850 करोड़ रुपये, अलीगढ़ में 4,490 करोड़ रुपये, चित्रकूट में 880 करोड़ रुपये और आगरा में 607 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल हैं।

यूपीडा के मुताबिक अब तक अधिग्रहित 2040 हेक्टेयर भूमि में से 977.54 हेक्टेयर भूमि 62 कंपनियों को आवंटित की जा चुकी है। इनमें से करीब 11 कंपनियों को लीज डीड के माध्यम से जमीन देने की प्रक्रिया प्रगति पर है। वहीं नौ इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है।

कानपुर में अडानी डिफेंस सिस्टम्स एंड टेक्नोलॉजीज लिमिटेड ने लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से गोला-बारूद निर्माण संयंत्र स्थापित किया है, जहां उत्पादन शुरू हो चुका है।

निवेश मित्र 3.0 पोर्टल होगा लॉन्च

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 मार्च को ‘निवेश मित्र 3.0’ पोर्टल लॉन्च करेंगे। नए पोर्टल में निवेश मित्र 2.0 की तुलना में सभी संबंधित सरकारी विभागों को जोड़ा गया है, जिससे निवेशकों को विभिन्न प्रकार की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) लेने के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

इस पोर्टल के माध्यम से निवेश से जुड़ी प्रोत्साहन राशि और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी निवेशकों को सिंगल क्लिक पर मिल सकेगी। निवेश मित्र 3.0 पोर्टल पर करीब 200 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अलीगढ़ में एमिटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड ने 330 करोड़ रुपये के निवेश से इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर और सैटेलाइट तकनीक पर काम शुरू किया है। वहीं लखनऊ में एरोलॉय टेक्नोलॉजीज ने 320 करोड़ रुपये से टाइटेनियम कास्टिंग परियोजना शुरू की है। इसके अलावा डीआरडीओ की ब्रह्मोस एयरोस्पेस ने 300 करोड़ रुपये की लागत से ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम के उत्पादन की शुरुआत कर दी है।

Next Story