- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: केंद्रीय बजट...
Lucknow: केंद्रीय बजट में यूपी की कमाई का नया ट्रेंड

लखनऊ: केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर प्रदेश को मिलने वाले केंद्रीय करों की हिस्सेदारी में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। आमतौर पर देश का सबसे बड़ा उपभोक्ता राज्य होने के कारण यूपी को सेंट्रल जीएसटी (CGST) से सबसे अधिक राजस्व मिलने की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार तस्वीर अलग है। जारी राज्यवार वितरण तालिका के मुताबिक यूपी को सबसे ज्यादा कमाई इनकम टैक्स से होने जा रही है, जो राज्य में आय बढ़ने, रोजगार विस्तार और टैक्स बेस मजबूत होने का संकेत माना जा रहा है।
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए यूपी को इनकम टैक्स के रूप में करीब 95,698 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इसके बाद कॉरपोरेशन टैक्स से 78,939 करोड़ रुपये और सेंट्रल जीएसटी से 73,546 करोड़ रुपये मिलने की संभावना है। यानी इस बार केंद्रीय करों में CGST यूपी की सबसे बड़ी आय का स्रोत नहीं रहेगा।
अन्य मदों में यूपी को कस्टम ड्यूटी से 14,347 करोड़, यूनियन एक्साइज ड्यूटी से 6,111 करोड़ और अन्य करों/शुल्कों से 267 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। सभी मदों को मिलाकर यूपी को केंद्र के करों में कुल 2.68 लाख करोड़ रुपये से अधिक की हिस्सेदारी मिलने की संभावना है, जो देश में सबसे अधिक है।
विशेषज्ञों के अनुसार इनकम टैक्स से बढ़ी हिस्सेदारी का मतलब है कि यूपी में करदाताओं की संख्या बढ़ी है और लोगों की औसत आय में सुधार हुआ है। वहीं CGST में अपेक्षाकृत कम हिस्सेदारी का कारण यह माना जा रहा है कि यूपी उपभोक्ता राज्य होने के बावजूद उत्पादन व निर्यात आधारित राज्यों की तुलना में यहां इनपुट टैक्स क्रेडिट और निर्यात गतिविधियां कम हैं।





