उत्तर प्रदेश

15 दिन कोक्वारंटाइन होंगे भगवान जगन्नाथ, 30 जून को देंगे दर्शन

Renuka Sahu
13 Jun 2022 3:08 AM GMT
Lord Jagannath will be quarantined for 15 days, will have darshan on June 30
x

फाइल फोटो 

जगन्नाथ घाट स्थित जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा महोत्सव से पूर्व सहस्त्रधारा स्नान महोत्सव अंतर्गत मंगलवार शाम 4.30 बजे भगवान जगन्नाथ का वेदमंत्रोच्चारण एवं घंटे घड़ियाल की गूंज के मध्य जलाभिषेक किया जाएगा।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। जगन्नाथ घाट स्थित जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा महोत्सव से पूर्व सहस्त्रधारा स्नान महोत्सव अंतर्गत मंगलवार शाम 4.30 बजे भगवान जगन्नाथ का वेदमंत्रोच्चारण एवं घंटे घड़ियाल की गूंज के मध्य जलाभिषेक किया जाएगा। अधिक देर तक स्नान के कारण अस्वस्थ हो जाने पर ठाकुरजी 15 दिन के लिए एकांत विश्राम (क्वारंटाइन) में चले जाएंगे। इसके बाद भगवान जगन्नाथ 30 जून शाम को दर्शन देंगे। साथ ही एक जुलाई रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण को निकलेंगे।

हिन्दू मान्यतानुसार ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को भगवान जगन्नाथ का जल, विभिन्न फलों के रस आदि से महाभिषेक किया जाता है, जिसमें अधिक स्नान के कारण बीमार पड़ जाने पर भगवान जगन्नाथ एकांत विश्राम (क्वारंटाइन) में चले जाते हैं। जहां करीब 15 दिन आयुर्वेद पद्धति के अनुसार ठाकुरजी का उपचार किया जाता है। उपचार के पश्चात आषाढ़ शुक्ल पक्ष की द्वितीया को रथयात्रा के रूप में नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देते हैं। परिक्रमा मार्ग में जगन्नाथ घाट स्थित जगन्नाथ मंदिर में प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए रथयात्रा महोत्सव अंतर्गत सहस्त्रधारा स्नान महोत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली गईं हैं।
गुरुवार को मंदिर परिसर में पूर्ण विधिविधान से वैदिक मंत्रोच्चारण एलं घंटा घड़ियाल की गूंज के मध्य ठाकुरजी का 14 जून शाम 4.30 बजे से महाभिषेक किया जाएगा। महंत स्वामी ज्ञानप्रकाश महाराज ने बताया कि सहस्त्रधारा स्नान (महाभिषेक) में ज्यादा भीग जाने के कारण ठाकुरजी बीमार हो जाने से एकांत वास में चले जाते हैं। जहां उनका विभिन्न जड़ी-बूटियों से उपचार किया जाएगा। लगभग 15 दिनों के पश्चात ठाकुरजी के स्वस्थ हो जाने पर भक्तों को उनके दर्शनों का लाभ मिल सकेगा। एक जुलाई को रथयात्रा पर्व मनाया जाएगा। जिसमें भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा एवं बलभद्र रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे।
वहीं ग्राम राजपुर परिक्रमा मार्ग स्थित विश्रामवट जगन्नाथ मंदिर के महंत भक्ति प्रदीप परिजातक महाराज ने बताया कि मंगलवार सुबह 7 बजे भगवान जगन्नाथ का फलों के रस, जल एवं अन्य जड़ी बूटियों से सहस्त्रधारा स्नान कराया जाएगा। इसके बाद ठाकुरजी बीमार होने के कारण भक्तों को दर्शन नहीं देंगे। 1 जुलाई को ठाकुरजी रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण कर भक्तों को दर्शन देंगे।
शाहजी मंदिर में जलयात्रा महोत्सव 14 को
वृंदावन। टेढ़े खम्भे वाले मंदिर के नाम से विख्यात शाहजी मंदिर में ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा 14 जून को शाम 6 बजे से जलयात्रा महोत्सव अंतर्गत ठा. राधारमण लाल उपवन में रंग-बिरंगे फब्बारों के मध्य सजाए गए फूल बंगला में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस दौरान ठाकुरजी को शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से यमुना जल एवं इत्र के फब्बारे के मध्य विराजित किया जाएगा। यह जानकारी सेवायत शाह प्रशांत कुमार ने दी है।
Next Story