उत्तर प्रदेश

Loni: पैसे के विवाद में मां ने ली बेटे की जान

Admindelhi1
20 May 2025 7:15 AM IST
Loni: पैसे के विवाद में मां ने ली बेटे की जान
x
गला दबाकर की मासूम की हत्या

लोनी: ट्रॉनिका सिटी थानाक्षेत्र के दौलत नगर कॉलोनी में रहने वाली महिला दुकानदार रहमती के घर में 14 मई को चारपाई पर मृत मिले उसके बेटे साहिल (12) की मौत में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने नया खुलासा किया है। साहिल की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। यहां तक कि मारने से पहले उसे बुरी तरह पीटा भी गया था। छानबीन में पता चला कि साहिल की हत्या उसकी ही मां रहमती ने की। पूछताछ में रहमती ने दुकान के गल्ले से रुपये निकालने की बात पर साहिल की पिटाई करने और आवेश में आकर हत्या करने की बात स्वीकार की है।

एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि 14 मई को दौलत नगर कॉलोनी निवासी रहमती के बेटे साहिल का शव घर के अंदर चारपाई पर पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साहिल के शरीर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने साहिल की मां रहमती से पूछताछ की। शुरूआती पूछताछ में रहमती ने बताया कि उनका बेटा बाहर सो रहा था सुबह शव मिला है। शक होने पर पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से जांच शुरू की। पता चला कि साहिल रहमती का बेटा नहीं है। उसने करीब नौ साल पहले अपनी बहन बिहार निवासी अजमती खातून से साहिल को गोद लिया था। तब बच्चे की उम्र तीन वर्ष थी। तब से रहमती उसका लालन-पालन कर रही थी। इसी दौरान वर्ष 2021 में रहमती के पति रजी अहमद खान की मौत हो गई। वर्तमान में वह परचून की दुकान संचालित कर रही थी। इसके बाद पुलिस का शक गहराता चला गया और आखिर में हत्या का खुलासा हुआ।

हत्या से पहले बुरी तरह की थी मारपीट: पुलिस ने इस मामले में बिहार निवासी अजमाती को सूचना दी। अजमती लोनी पहुंची और पुलिस से बात की। उन्होंने भी अपनी बहन रहमती पर शक जाहिर किया। पुलिस ने हिरासत में लेकर महिला से पूछताछ की। पूछताछ में रहमती हत्या से इन्कार करती रही, लेकिन सवालों में उलझने के बाद उसने राज उगल दिया। रहमती ने बताया कि साहिल अक्सर उन्हें परेशान करता था। 13 मई को दुकान के गले से पैसे निकाल कर ले गया था। इसी बात को लेकर रहमती ने साहिल को बहुत मारा था। मारपीट करने के बाद रहमती ने साहिल की गला दबाकर हत्या कर दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने साहिल की जन्मजात मां अजमती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आने के बाद गंभीरता से मामले की जांच की गई थी। पूछताछ में महिला दुकानदार ने गल्ले से रुपये निकालने पर बच्चे से मारपीट के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Next Story