- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Loni: अंकुर मर्डर केस...

लोनी: गनौली गांव निवासी अंकुर की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। सोनू की निशानदेही से पुलिस ने अंकुर की जली हुई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पुलिस इससे पहले मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि अंकुर हत्याकांड के आरोपी शिवम उर्फ शैंकी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। शैंकी के साथ सौरव को भी गिरफ्तार किया था। सोनू इस मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने सोनू को बंथला फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया है। बता दें कि गनौली गांव निवासी अंकुर का सात जून को अपहरण कर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के परिजनों ने शिवम उर्फ शैंकी, अमन निवासी गनौली व सोनू निवासी भगोट के नाम अपहरण करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में सौरव को पकड़कर हत्या का खुलासा किया था। पुलिस ने अंकुर के शव को सिटी फॉरेस्ट स्थित हिंडन नदी से बरामद किया था।
आरोपियों ने बहन से संबंध के शक में अंकुर की गोली मारकर हत्या की थी। हत्या के बाद अंकुर के शव को बागपत गढ़ी कलंजरी के पुल से नीचे फेंक दिया था।





