- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Loni: टेंडर खुलने से...
Loni: टेंडर खुलने से नाराज़गी खत्म, पालिका अध्यक्ष ने उठाया धरना

लोनी: करीब 120 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की निविदा नहीं खोले जाने से नाराज पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा सभासदों के साथ मिलकर खन्ना नगर स्थित लोनी नगर पालिका में धरने पर बैठ गईं। शुक्रवार को निविदा खोले जाने पर अध्यक्ष ने धरना समाप्त कर दिया। वहीं, दूसरी ओर भाजपा सभासदों ने अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए अधिशासी अधिकारी को प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने आरोप लगाए थे कि करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से कराए जाने वाले विकास कार्यों के टेंडर नहीं खोले जा रहे हैं। टेंडर नहीं खोले जाने से नाराज अध्यक्ष बृहस्पतिवार को धरने पर बैठ गईं। उनके समर्थन में पालिका के सभासद भी आ गए। अध्यक्ष रात भर धरने पर रहीं। उनका आरोप था कि अधिशासी अधिकारी टेंडर खोलने की प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं। जिससे क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। शुक्रवार सुबह पालिका अध्यक्ष के समर्थक और क्षेत्र की महिलाएं पालिका परिसर में एकत्र हो गईं।
महिलाएं अधिशासी अधिकारी के आॅफिस पहुंची और टेंडर नहीं खोलने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। दोपहर बाद करीब पांच बजे तहसीलदार ने पालिका अध्यक्ष को टेंडर खोले जाने की जानकारी दी। जिस पर पालिका अध्यक्ष ने कार्रवाई देखने के बाद धरना समाप्त कर दिया। अधिशासी अधिकारी के के मिश्रा ने बताया कि 364 टेंडर में करीब 174 टेंडर खोले जा चुके हैं। ई-टेंडर में कागजों के सत्यापन के चलते टेंडर खोले जाने में देरी हुई है।
भाजपा सभासदों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन: सभासद रोहित भारद्वाज ने दिए ज्ञापन में बताया कि पालिका अध्यक्ष अपने हित के लिए धरने पर बैठी हैं। आरोप है कि कुछ समय पूर्व अध्यक्ष दंपती पर आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज हुआ है। बावजूद इसके वह अधिकारियों पर दबाव बनाकर अपने चहेतों को टेंडर दिलवाने के लिए धरने पर ठेकेदारों के साथ बैठी हैं। उन्होंने देकर ज्ञापन में कार्रवाई की मांग की है।





