उत्तर प्रदेश

यूपी सरकार की पहल से परिषदीय विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण का पाठ

jantaserishta.com
4 Nov 2026 1:16 PM IST
यूपी सरकार की पहल से परिषदीय विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण का पाठ
x
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दे रही है। इसी क्रम में प्रदेश के लगभग 1.32 लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
मिशन लाइफ के सात विषयों पर आधारित इस सप्ताह में प्रदेश के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग 1.42 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और अपने घर-समुदाय तक टिकाऊ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम में ईको क्लबों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सप्ताह की गतिविधियों की जानकारी और आवश्यक सूचना-शिक्षा-संचार सामग्री निर्धारित पोर्टल से प्राप्त करने की व्यवस्था है।
सप्ताह के प्रत्येक दिन एक विषय पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, 2 नवंबर को ऊर्जा बचाने और 3 नवंबर को जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं, 4 नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणालियों पर केंद्रित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को टिकाऊ जीवनशैली के महत्व से परिचित कराया गया। अब 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक से दूरी, 6 नवंबर को ई-कचरा कम करने और 7 नवंबर को कचरा कम करने पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के महत्व से परिचित कराया जाएगा। योगी सरकार के नेतृत्व में विद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का केंद्र बनाने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालयों में मिशन लाइफ की शपथ, पोस्टर निर्माण, रचनात्मक गतिविधियां, कार्यशालाएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए जा सकते हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता से ऊर्जा बचत, जल संरक्षण, प्लास्टिक के विकल्पों, कचरे के पृथक्करण तथा पुनः उपयोग जैसे विषयों पर संदेश प्रसारित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को इन आदतों को विद्यालय तक सीमित न रखकर अपने घर और आसपास भी अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा और जल संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा कचरा प्रबंधन जैसी आदतों से जोड़ा जा रहा है। बच्चों में आज विकसित होने वाली ये आदतें भविष्य में पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार बनेंगी।”
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, मोनिका रानी ने कहा कि ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में मिशन लाइफ के सात विषयों पर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ईको क्लबों और विद्यार्थियों की सहभागिता से पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थियों को इन संदेशों को अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story