उत्तर प्रदेश

जंगल में तेंदुए का आतंक, महिला की मौत

Ratna Netam
4 Aug 2026 2:53 PM IST
जंगल में तेंदुए का आतंक, महिला की मौत
x

उत्तर प्रदेश : मुरादाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के सुरजन नगर चौकी क्षेत्र के लालापुर पीपलसाना गांव के जंगल में सोमवार दोपहर एक तेंदुए के हमले में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे भयावह बात यह रही कि जब महिला की बेटी अपनी मां की तलाश करते हुए जंगल पहुंची तो उसने तेंदुए को अपनी मां के शव के पास बैठे देखा। तेंदुए ने युवती पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह शोर मचाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकली।

जानकारी के अनुसार, लालापुर पीपलसाना गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की पत्नी संतोष देवी सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रामगंगा नदी पार कर जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गई थीं। काफी देर तक उनके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब परिवार के लोग और ग्रामीण उनकी तलाश में जंगल पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी मिली।

इसी दौरान संतोष देवी की बेटी रविता भी एक अन्य महिला के साथ अपनी मां को खोजते हुए गन्ने के खेत की ओर पहुंची। खेत के भीतर से अचानक तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनाई दी। साथ गई महिला डरकर पीछे हट गई, लेकिन रविता हिम्मत जुटाकर आगे बढ़ती रही। कुछ दूरी पर पहुंचने पर उसने देखा कि तेंदुआ उसकी मां के शव के पास बैठा था और शव को नोच रहा था।

रविता को देखते ही तेंदुआ उसकी ओर झपटा। अचानक हुए इस हमले से घबराई युवती जोर-जोर से चिल्लाते हुए भागने लगी। तेंदुआ कुछ दूर तक उसका पीछा करता रहा, लेकिन शोर सुनकर वापस लौट गया। इस तरह रविता की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद वह किसी तरह गांव पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि वन विभाग ने तेंदुए की तलाश के लिए विशेष टीमों को जंगल में लगाया है। अधिकारियों ने आसपास के ग्रामीणों को फिलहाल जंगल और नदी किनारे अकेले न जाने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से सतर्क रहने और समूह में ही जंगल की ओर जाने की अपील की गई है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुओं की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। लोगों ने वन विभाग से तत्काल तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

गौरतलब है कि मुरादाबाद जिले में यह पहला मामला नहीं है। इसी वर्ष सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के महलकपुर निजामपुर गांव में भी तेंदुए के हमले में एक किसान की मौत हो चुकी है। उस घटना में तेंदुआ सुबह के समय घर में घुस आया था और चारपाई पर सो रहे किसान पर हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल किसान की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों के घटते क्षेत्र और मानव बस्तियों के विस्तार के कारण वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंच रहे हैं, जिससे मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल वन विभाग तेंदुए की तलाश में अभियान चला रहा है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Next Story