उत्तर प्रदेश

यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में तेंदुए का आतंक खत्म, वन विभाग को मिली सफलता

nidhi
15 Nov 2026 10:55 AM IST
यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में तेंदुए का आतंक खत्म, वन विभाग को मिली सफलता
x
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में तेंदुए की मौजूदगी से करीब 22 घंटे तक बनी दहशत आखिरकार समाप्त हो गई। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया है। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद फैक्ट्री के कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है। अब वन विभाग ने तेंदुए को जंगल में छोड़ने के लिए अनुमति मांगी है। फैक्ट्री परिसर में तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया। करीब 22 घंटे की मशक्कत के बाद टीम को सफलता मिली।
सिक्योरिटी गार्ड ने सबसे पहले देखा था तेंदुआ
बबराला स्थित यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में शनिवार, 14 नवंबर की सुबह करीब सात बजे सुरक्षा गार्ड ने गश्त के दौरान तेंदुए को देखा था। इसकी सूचना तत्काल फैक्ट्री प्रबंधन को दी गई। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी तेंदुए की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई थीं। तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद फैक्ट्री परिसर में सतर्कता बढ़ा दी गई। प्रबंधन ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिया के नीचे पाइपलाइन में छिपा था तेंदुआ
तलाशी के दौरान पता चला कि तेंदुआ आवासीय कॉलोनी के पास गेस्ट हाउस की पुलिया के नीचे पाइप में छिपा हुआ है। उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने पाइप के एक छोर को बंद किया और दूसरे छोर पर पिंजरा लगाया। कैमरों से तेंदुए की स्थिति का पता लगाया गया। पाइप में पानी डालकर उसे बाहर निकालने का प्रयास भी किया गया। रविवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे तेंदुआ पिंजरे में आ गया।
डीएवी स्कूल की कर दी गई थी छुट्टी
फैक्ट्री परिसर में तेंदुए की मौजूदगी को देखते हुए डीएवी पब्लिक स्कूल प्रशासन ने शनिवार को बच्चों की छुट्टी घोषित कर दी थी। अभिभावकों को मोबाइल ग्रुप के माध्यम से इसकी सूचना दी गई थी।सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री में काम करने वाले करीब 30 से 35 कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया गया था। आवासीय परिसर में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई थी। गुन्नौर के एसडीएम अवधेश कुमार वर्मा और क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे।
लखनऊ से मांगी जंगल में छोड़ने की अनुमति
वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन के अनुसार, पकड़े गए तेंदुए को फिलहाल फैक्ट्री में ही निगरानी में रखा गया है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। जंगल में स्थानांतरण के लिए लखनऊ से स्वीकृति मांगी गई है। अनुमति मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी दिखाई दे चुका है तेंदुआ
बबराला और गुन्नौर क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही थीं। अक्टूबर के अंत में भी यारा फर्टिलाइजर प्लांट के मुख्य द्वार के पास एक तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया था। मेहुआ हसनगंज और लोधे की मढ़ैया सहित आसपास के गांवों में भी तेंदुए की गतिविधियों को लेकर ग्रामीण चिंतित थे। वन विभाग की ओर से पहले भी उसे पकड़ने के प्रयास किए गए थे। अब फैक्ट्री परिसर में तेंदुए के पकड़े जाने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
Next Story