उत्तर प्रदेश

Moradabad टीएमयू में लॉ इंटर्नशिप कार्यक्रम, छात्रों ने सीखे न्याय प्रणाली के पहलू

Ratna Netam
2 July 2026 8:47 PM IST
Moradabad  टीएमयू में लॉ इंटर्नशिप कार्यक्रम, छात्रों ने सीखे न्याय प्रणाली के पहलू
x
विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Moradabad मुरादाबाद : तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के कॉलेज ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा आयोजित 21 दिवसीय लॉ इंटर्नशिप कार्यक्रम के तहत समीक्षा सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की चार प्रमुख विश्वविद्यालयों के 55 लॉ इंटर्न छात्रों ने भाग लेकर अपने इंटर्नशिप अनुभव साझा किए।इस सत्र में टीएमयू, एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा, आईएफटीएम यूनिवर्सिटी और केजीके कॉलेज के छात्र शामिल रहे। कुल 55 विद्यार्थियों में टीएमयू के 20, केजीके कॉलेज के 20, आईएफटीएम यूनिवर्सिटी के 10 और एमिटी यूनिवर्सिटी के 5 छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधिक सेवा, न्याय व्यवस्था और समाज के प्रति जिम्मेदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य वक्ता चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रमोद प्रत्येकी ने कहा कि लॉ इंटर्नशिप छात्रों के लिए केवल शैक्षणिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और सामाजिक जिम्मेदारी को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना होना चाहिए।डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अजय वीर ने छात्रों से उनके इंटर्नशिप अनुभव साझा कराए और वैकल्पिक विवाद निस्तारण (ADR), लोक अदालत तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि न्याय को सरल और सुलभ बनाना हर विधि पेशेवर की जिम्मेदारी है।

कॉलेज ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज़ के डीन प्रो. हरवंश दीक्षित ने कहा कि विधि शिक्षा का उद्देश्य केवल कानून की जानकारी देना नहीं, बल्कि छात्रों में संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करना भी है। वहीं प्राचार्य प्रो. सुशील कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे इंटर्नशिप कार्यक्रम छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान देकर उन्हें बेहतर विधि व्यवसायी बनने में मदद करते हैं।डीएलएसए प्रतिनिधि ईशु शर्मा ने छात्रों को विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं और जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों ने समाज के कमजोर वर्गों तक न्याय पहुंचाने और विधिक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कई शिक्षक और विधिक विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।

Next Story