उत्तर प्रदेश

किसान के घर से 40 तोला सोना समेत लाखों की चोरी

Rani Sahu
28 Nov 2022 3:34 PM GMT
किसान के घर से 40 तोला सोना समेत लाखों की चोरी
x
आगरा: आगरा के बरहल क्षेत्र के गांव नगला रुंध में रविवार की रात किसान परिवार के तीन घरों के दरवाजों की कुंडी काटकर चोरी की गई। चोर लाखों रुपये के गहने, कपड़े, बर्तन और अन्य सामान उठा ले गए। घटना की जानकारी पीड़ितों को सुबह जागने पर हुई। सूचना पर एसपी देहात, सीओ ने पहुंचकर मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिंक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
गांव नगला रुंध में राजकुमार, छत्रपाल और धर्मवीर एक ही परिवार के हैं। इनके घर भी एक ही परिसर में बने हुए हैं। तीनों के घरों की दीवारें एक दूसरे से सटी हुई है। रविवार की रात बाउंड्रीवाल कूदकर चोर भीतर घुस गए। कमरों की कुंडी काटकर तीनों घरों में चोरी की।
राजकुमार के मुताबिक चोर करीब 40 तोले सोने एवं ढाई किलो चांदी के गहनों के अलावा चार टिन घी, बर्तन, कपडे़ आदि सामान ले गए हैं। सामान अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। तीन घरों में चोरी की सूचना पुलिस के अधिकारी और थानाध्यक्ष पहुंचे और जांच की। एसपी देहात सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चोरों का पता लगाया जा रहा है। पीड़ित से तहरीर मांगी गई है। थानाध्यक्ष को जल्द खुलासे के निर्देश दिए गए हैं।
रात एक बजे के बाद की है वारदात
पीड़ित छत्रपाल त्यागी ने बताया कि वह रात 11 बजे के बाद खेत से आया था। परिवार के अन्य सदस्य भी रात 11 और 12 बजे के बीच ही खेतों से घर आए थे। बताया कि आधी रात तक कोई घटना नहीं हुई थी। इससे आशंका है कि रात एक बजे के बाद ही चोर उनके यहां आए होंगे।
वहीं परिवार के लोगों का कहना है कि तीनों घरों में कुल 35 लोग रहते हैं। घटना के समय यदि उनमें से कोई जाग जाता तो चोरों और परिवारीजनों के बीच संघर्ष भी संभव था। वहीं छत्रपाल ने बताया कि पुलिस के साथ वह कमरों में चला गया था, तो थानाध्यक्ष बरहन ने डांटकर बाहर निकाल दिया था। उसे धमकी भी दी।
चप्पे चप्पे पर सो रहे थे परिजन
तीन मंजिल बने मकानों में रहने वाले तीनों परिवारों के लोग घर के बरामदे से लेकर विभिन्न कमरों में सो रहे थे। इसके बाद भी चोरों ने कमरों के दरवाजों की कुंडियों को काटा और बर्तन आदि सामान भी उठा ले गए। इसके बाद भी परिवार के किसी भी सदस्य की नींद नहीं टूटी। इसे लेकर भी लोग अचंभित हैं। वहीं जांच के दौरान खोजी कुत्ता घटनास्थल से बाउंड्रीवाल के दोनों गेटों की तरफ गया। इसके बाद वह बाहर सड़क पर बरहन मोड तक जाकर वापस लौट आया।

( जनता से रिश्ता इस खबर की पुष्टि नहीं करता है ये खबर जनसरोकार के माध्यम से मिली है और ये खबर सोशल मीडिया में वायरलहो रही थी जिसके चलते इस खबर को प्रकाशित की जा रही है। इस पर जनता से रिश्ता खबर की सच्चाई को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है।)

Next Story