उत्तर प्रदेश

Lakhimpur: साले की शादी में जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

Admindelhi1
30 May 2025 12:34 PM IST
Lakhimpur: साले की शादी में जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
x

पलिया कलां: थाना भीरा क्षेत्र के अंतर्गत भीरा-पलिया मार्ग पर स्थित गांव बोझवा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। मृतक अपने साले की शादी में शामिल होने जा रहा था, जब एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, थाना मैलानी क्षेत्र के गांव सुआबोझ निवासी राजू कुमार (35) पुत्र सेवक राम गुरुवार की दोपहर को अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए थाना संपूर्णानगर के गांव लगदहन जा रहा था। रास्ते में गांव बोझवा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस 108 की मदद से घायल राजू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिजुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और ससुराल पक्ष में मातम पसर गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story