उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: पुलिस चौकी के सामने युवक की गोली मारकर हत्या

Admindelhi1
11 March 2025 11:47 AM IST
Lakhimpur Kheri: पुलिस चौकी के सामने युवक की गोली मारकर हत्या
x
"एक अन्य व्यक्ति घायल"

लखीमपुर खीरी: शहर में मिश्राना पुलिस चौकी के सामने एक युवक की दौड़ाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना के समय आईजी लखनऊ प्रशांत कुमार शहर में ही मौजूद थे।

शहर की सेठ कॉलोनी अर्जुन पुरवा निवासी 25 वर्षीय देव सेठ उर्फ अमोघ शाम करीब सात बजे मिश्राना पुलिस चौकी के सामने अपनी दुकान के पास पहुंचा था। तभी बुलेट सवार तीन हमलावर वहां आ गए और उसे ललकारने लगे। जान बचाने के लिए देव सेठ स्कूटी से भागा और आर्य कन्या इंटर कॉलेज के पास पुष्पा पुस्तक भंडार तक पहुंच गया, जहां स्कूटी दुकान के काउंटर से टकरा गई। वह घबराकर दुकान के अंदर काउंटर के पीछे छिप गया, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और दुकान में घुसकर उसे गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक देव सेठ के सीने में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, दुकान में मौजूद कर्मचारी आदित्य उर्फ रोशन कश्यप (18) के हाथ में भी एक गोली जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर बुलेट पर सवार होकर फरार हो गए।

बीच बाजार में हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी, शहर कोतवाल हेमंत राया और भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने देव सेठ को मृत घोषित कर दिया।

इस बीच, आईजी प्रशांत कुमार और एसपी संकल्प शर्मा ने घटनास्थल का मुआयना किया। एसपी ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Story