उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर

Tara Tandi
1 Nov 2024 5:41 PM IST
Lakhimpur Kheri:  युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर
x
Lakhimpur Kheri लखीमपुर खीरी । शहर के मोहल्ला गंगोत्री नगर निवासी एक युवक ने शुक्रवार की सुबह छह बजे खुद के सीने में गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर किया है। घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस पारिवारिक कलह का मामला मान रही है।
शहर के मोहल्ला गंगोत्री नगर निवासी शैलू उर्फ शैलेन्द्र (38) ने शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे घर के अंदर असलहे से खुद के सीने पर गोली मार ली। जिस समय घटना हुई। उस वक्त परिवार के अन्य कई सदस्य सो रहे थे। गोली चलने की आवाज से घर के लोग सहम गए। अनहोनी की आशंका के चलते सभी लोग घर के बाहर निकले। आसपास के लोग भी आ गए। लेकिन किसी तरह की कोई जानकारी नहीं हुई। घर वापस आए परिजन जब शैलू के कमरे में गए तो देखा वह लहूलुहान हालत में पड़ा कराह रहा था। पास में तमंचा पड़ा था। यह देख परिवार में चीख पुकार मच गई। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। आनन-फानन में उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। असलहा लाइसेंसी हैं या फिर नाजायज इस बात की पुलिस अभी जांच कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक गोली शैलू के सीने के दाहिने हिस्से में लगी है। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। चूंकि परिजन लखनऊ ही हैं। इससे घटना का सही कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। पुलिस छानबीन कर रही है।
Next Story