उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से छलांग लगाई

Admindelhi1
17 Feb 2025 11:47 AM IST
Lakhimpur Kheri: युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से छलांग लगाई
x
"हालत गंभीर"

लखीमपुर खीरी: शहर की डीसी रोड स्थित कांशीराम आवास में रविवार सुबह एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया।

झूठे आरोपों से था परेशान, आत्महत्या की कोशिश का आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार, ब्लॉक-12 निवासी 20 वर्षीय सुमित (पुत्र बलराम) पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। कॉलोनी की एक महिला और उसकी बेटी उस पर झूठे आरोप लगाकर पुलिस कार्रवाई की धमकी दे रही थीं। आरोप है कि यह महिला पहले भी कई लोगों पर ऐसे ही आरोप लगाकर पुलिस से परेशान कराती रही है।

परिजनों ने बताया पतंग उड़ाने के दौरान हादसा

हालांकि, युवक के पिता बलराम ने दावा किया कि सुमित चौथी मंजिल पर पतंग उड़ा रहा था और अचानक गिर गया। लेकिन स्थानीय लोग इसे आत्महत्या की कोशिश बता रहे हैं।

कॉलोनी में अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों का अड्डा

कांशीराम आवास के लोगों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में कई लोग अवैध रूप से रह रहे हैं, जिनमें एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। कई मकान मालिक मोटी रकम लेकर किराए पर मकान दे रहे हैं। इतना ही नहीं, यहां नशे का कारोबार और देह व्यापार भी फल-फूल रहा है। रात में संदिग्ध गतिविधियां आम हो गई हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

प्रशासन करेगा सत्यापन और कार्रवाई

घटना के बाद एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह ने कहा कि कांशीराम आवास में रह रहे लोगों का सत्यापन कराया जाएगा। यदि कोई अवैध रूप से रहता मिला, तो उसे बेदखल किया जाएगा और मकान मालिक पर कार्रवाई होगी। वहीं, शहर कोतवाल अंबर सिंह का कहना है कि अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने कॉलोनी की अव्यवस्था और बढ़ते अपराधों को उजागर कर दिया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

Next Story