उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: 4.35 लाख की लूट में मजदूर बने मुखबिर, पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा

Admindelhi1
5 May 2025 11:31 AM IST
Lakhimpur Kheri: 4.35 लाख की लूट में मजदूर बने मुखबिर, पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा
x
दो मजदूर निकले मुखबिर

लखीमपुर खीरी: थाना नीमगांव क्षेत्र में गुड़ व्यापारी के मुनीम से हुई 4.35 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है। चौंकाने वाली बात यह है कि लूट की साजिश में व्यापारी के ही दो मजदूर शामिल थे, जिन्होंने बदमाशों को मुखबिरी कर वारदात को अंजाम दिलाया।

एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि 25 अप्रैल को महोली (सीतापुर) निवासी गुड़ व्यापारी का मुनीम पिकअप से नीमगांव के गांव गुलौला जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने पिकअप को रोककर 4.35 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। शुरुआती जांच में मामला चोरी का दर्ज किया गया था, लेकिन एसपी के संज्ञान में आने के बाद जब दोबारा जांच कराई गई तो मामला लूट का निकला।

जांच में लापरवाही पाए जाने पर नीमगांव थाना प्रभारी सुनीता कुशवाहा को हटा दिया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों को खुलासे में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

गिरफ्तार आरोपियों में अटल वाजपेयी, सूरज, रोहित कश्यप (निवासी चमारनटोला, थाना महोली), विशाल अवस्थी, सत्यम (निवासी अमेठिया थावा, टड़ियावां, जिला हरदोई) और राकेश कश्यप (निवासी सुनारनटोला, थाना महोली) शामिल हैं। वहीं टड़ियावां निवासी चमन पाठक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि व्यापारी के मुनीम के साथ पिकअप में सवार रोहित और राकेश ने ही लूट की साजिश रची थी और बाहर के बदमाशों को सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.52 लाख रुपये नकद, तमंचा और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। सभी आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया है।

एसपी संकल्प शर्मा ने लूटकांड का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

Next Story