उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: जल संकट से निपटने की अनूठी पहल, रिकॉर्ड बनाकर मिली पहचान

Admindelhi1
19 Jun 2025 12:44 PM IST
Lakhimpur Kheri: जल संकट से निपटने की अनूठी पहल, रिकॉर्ड बनाकर मिली पहचान
x

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले ने ‘हर गांव तालाब’ अभियान के तहत महज एक माह में 1,030 सामुदायिक तालाबों का निर्माण कर जल संरक्षण के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस उपलब्धि को ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि लखीमपुर खीरी जिले में ‘हर गांव तालाब’ अभियान के तहत 15 मई से 15 जून तक 1,030 सामुदायिक तालाबों का निर्माण कराया गया। ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ के निर्णायक प्रमिल द्विवेदी ने बुधवार को लखीमपुर खीरी में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार को प्रमाणपत्र और पदक प्रदान किया।

अधिकारियों के मुताबिक ‘हर गांव तालाब’ अभियान के तहत 700 एकड़ से अधिक भूमि को जल संरक्षण योग्य बनाया गया और हर प्रखंड में 70-80 तालाबों का निर्माण सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निर्णायक प्रमिल द्विवेदी ने इसे सामूहिक प्रयास, प्रशासनिक समर्पण और जनभागीदारी का आदर्श उदाहरण बताया।

उन्होंने कहा कि ‘हर गांव तालाब’ अभियान अब सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जल सुरक्षा की दिशा में एक जनांदोलन बन चुका है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि जिला प्रशासन के लिए यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि जल संरक्षण की दिशा में एक जनभागीदारी से प्राप्त ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि बारिश से पहले हर तालाब तैयार के संकल्प के साथ एक माह में 1000 से अधिक तालाबों की खुदाई का लक्ष्य पूरा किया गया।

Next Story