उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: कार की टक्कर से पति-पत्नी समेत तीन की जान गई

Admindelhi1
5 Feb 2026 3:50 PM IST
Lakhimpur Kheri: कार की टक्कर से पति-पत्नी समेत तीन की जान गई
x

लखीमपुर खीरी: जिले के गोला क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जलालपुर मोड़ के पास गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। गोला से लखीमपुर की ओर जा रही एक कार को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसा गुरुवार सुबह करीब छह बजे हुआ। राहगीर शुभम रस्तोगी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला भेजा, जहां से गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो दिल्ली से बहराइच अपने घर जा रहे थे। घायल प्रवेश सिंह (25) पुत्र अजय पाल ने बताया कि वे दिल्ली के राजौरी गार्डन में रहते हैं और डेकोरेशन का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को मुकेश सिंह (25) पुत्र रमेश सिंह का तिलक समारोह था, जिसके लिए पूरा परिवार कार से बहराइच जा रहा था।

कार में मुकेश सिंह, सुनील सिंह (30) पुत्र बिंद्रा सिंह, सुनील सिंह की पत्नी सुधा सिंह (27), उनकी दो वर्षीय पुत्री मानवी और चालक संतोष सिंह (30) पुत्र रमेश सिंह सवार थे। हादसे में सुनील सिंह, उनकी पत्नी सुधा सिंह और चालक संतोष सिंह की मौत हो गई। चालक को कार से बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी।

हादसे में मुकेश सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि प्रवेश सिंह और दो वर्षीय मानवी को हल्की चोटें आई हैं। घायलों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घटना के समय सड़क पर घना कोहरा था, जिससे दृश्यता काफी कम थी।क्षेत्राधिकारी गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें चालक और एक दंपती की मौत हुई है। सभी लोग बहराइच के रहने वाले हैं। हादसा किस वाहन से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Next Story