- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri:...
Lakhimpur Kheri: एसएसबी की भारत-नेपाल सीमा पर पांच दिवसीय लंबी दूरी गश्त शुरू

लखीमपुर खीरी: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को सुदृढ़ करने और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 39वीं वाहिनी के कमांडेंट के नेतृत्व में पांच दिवसीय लंबी दूरी गश्त शुरू की गई।
गश्त की शुरुआत से पहले एसएसबी कमांडेंट रविंद्र कुमार राजेश्वरी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सीमा की सतर्क निगरानी करना, किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकना, सीमा स्तंभों की जांच करना और सीमावर्ती गांवों की स्थिति का आकलन करना है।
तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रहेगी पैनी नजर
गश्त के दौरान एसएसबी जवान गांवों के नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उन्हें सीमा सुरक्षा से जुड़े अहम पहलुओं के प्रति जागरूक करेंगे। इसके अलावा, मानव तस्करी, पशु तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यह अभियान सीमा स्तंभ संख्या 734/5 से 768/26 तक संचालित किया जाएगा।
स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय
कमांडेंट ने बताया कि गश्त के दौरान स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा बलों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। इस गश्त से सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, तस्करी और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी तथा स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ेगी।





