उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: पिता से हुई कहासुनी, बेटे ने दे दी जान; सातवें दिन मिला शव

Tara Tandi
10 Feb 2025 5:37 PM IST
Lakhimpur Kheri: पिता से हुई कहासुनी, बेटे ने दे दी जान; सातवें दिन मिला शव
x
Lakhimpur Kheri लखीमपुर खीरी : रुपये को लेकर पिता से हुई कहासुनी से नाराज गांव दरी निवासी एक युवक घर से चला गया और पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव सातवें दिन बरामद हुआ है। इससे उसके परिवार में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव दरी निवासी ब्रम्हा दीन का पुत्र राधेश्याम (20) देहरादून में मजदूरी करता था। वह करीब तीन महीने बाद आठ जनवरी को घर आया था। पिता ब्रह्मादीन ने बताया कि उनकी तीन फरवरी को रुपये को लेकर बेटे से मामूली कहासुनी हो गई थी। इस पर उन्होंने पुत्र राधेश्याम को डांट दिया था। इससे नाराज होकर पुत्र राधेश्याम घर से बिना कुछ बताए चला गया, लेकिन जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को
चिंता हुई।
परिजन उसकी तलाश करने लगे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने सोचा शायद वह देहरादून वापस चला गया हो। इस आशंका पर उन्होंने देहरादून में काम कर रहे उसके अन्य साथियों से मोबाइल से संपर्क किया और बेटे की जानकारी ली, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। तब से परिजन उसकी लगातार खोजबीन कर रहे थे।
सात फरवरी को पिता ने थाना मितौली पुलिस को बेटे के गायब होने की लिखित सूचना दी। जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली, लेकिन युवक की तलाश के लिए कोई कदम नहीं उठाए। रविवार को क्षेत्रीय लेखपाल नहर के पास खेतों में चकमार्ग की पैमाइश कर रहे थे। जरीब लेकर चल रहे एक युवक की नजर पास स्थित शीशम के पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। इस पर मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस व परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ब्रह्मादीन ने शव की पहचान अपने बेटे राधेश्याम के रूप में की।
सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। मृतक युवक पिता से रुपये को लेकर हुए विवाद से नाराज होकर घर से निकला था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story