- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri: पुलिस...
Lakhimpur Kheri: पुलिस ने माया देवी हत्याकांड में चार आरोपी को दबोचा

लखीमपुर खीरी: थाना खमरिया पुलिस ने समरदहा गांव में हुई माया देवी (50) हत्याकांड में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल तमंचा, गड़ासा, बांका और डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
अवैध शराब के विवाद से शुरू हुआ था झगड़ा
माया देवी का पड़ोसी गांव चहमलपुर निवासी कुलदीप वर्मा से अवैध शराब बनाने को लेकर कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। इसी रंजिश में बुधवार रात 11 बजे कुलदीप अपने साथियों के साथ माया देवी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
जब माया देवी ने विरोध किया, तो कुलदीप और उसके साथियों ने उस पर बांके से हमला कर हत्या कर दी। यही नहीं, महिला को गोली भी मारी गई।
भतीजे को भी किया घायल
माया देवी को बचाने पहुंचे भतीजे सुरेश पर भी बांके से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
आरोपी कौन-कौन?
थाना खमरिया के प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि हत्या में शामिल मुख्य आरोपी कुलदीप वर्मा के अलावा थाना फूलबेहड़ के बालकरामपुरवा निवासी पुनई लाल, समरदहा निवासी घनश्याम और कोतवाली धौरहरा के कशवापुर निवासी संदीप उर्फ मंटेरी उर्फ मंटी को गिरफ्तार किया गया है।
हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा, गड़ासा, बांका और डंडा बरामद कर लिया है।
शातिर अपराधी है मुख्य आरोपी कुलदीप वर्मा
पुलिस के मुताबिक, कुलदीप वर्मा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ खमरिया, ईसानगर और धौरहरा थानों में आठ संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान भेजकर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





