- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri: युवती...

खमरिया: थाना क्षेत्र के एक गांव में देर शाम शौच के लिए खेतों की ओर गई एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शौच के लिए गई युवती वापस नहीं लौटी
गांव चौरा निवासी जोद्धी ने बताया कि उनकी पुत्री फूलमती (20) गुरुवार रात करीब आठ बजे शौच के लिए खेतों की ओर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। जब वह नहीं आई तो परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने उसे तलाशना शुरू किया। खोजबीन के दौरान उनका शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला।
घटनास्थल पर जुटी भीड़, पुलिस ने शुरू की जांच
युवती का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं यह खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मौका-मुआयना करने के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मृतका के पिता ने हत्या की आशंका जताई है, हालांकि अभी तक परिजनों ने कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। प्रभारी निरीक्षक ओ.पी. राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट होगी। यदि कोई शिकायत मिलती है, तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने हर पहलू पर जांच शुरू कर दी है।





