उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: मोर्चरी से जबरन शव ले जाकर जाम लगाना पड़ा भारी, मामला दर्ज

Admindelhi1
27 Feb 2025 10:04 AM IST
Lakhimpur Kheri: मोर्चरी से जबरन शव ले जाकर जाम लगाना पड़ा भारी, मामला दर्ज
x
"परिजनों समेत 23 पर केस दर्ज"

लखीमपुर खीरी: मोर्चरी से जबरन शव उठाकर डीसी रोड पर जाम लगाना मृतक किशोर के परिजनों और ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। सदर कोतवाली पुलिस ने जेल गेट चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मृतक के माता-पिता समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट दर्ज होने की सूचना मिलते ही कई रिश्तेदार और ग्रामीण गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर भूमिगत हो गए।

सोमवार रात शहर की पंजाबी कॉलोनी निवासी सुरेंद्र तोलानी के घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करने वाले 12 वर्षीय दीपक (पुत्र विजयपाल, निवासी गोंधिया, थाना भीरा) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक का चचेरा भाई नीरज भी उसी घर में काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा

अगली सुबह मृतक के परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने मकान मालिक और मृतक के चचेरे भाई पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान वे शव को जबरन उठाकर ले जाने लगे। जब मोर्चरी कर्मचारियों ने विरोध किया, तो परिजनों ने उनसे अभद्रता की, उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया और शव को जबरदस्ती लेकर डीसी रोड पहुंचे।

डीसी रोड पर रखा शव, पुलिस ने लाठियां फटकारी

ग्रामीणों ने डीसी रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन जब लोग नहीं माने, तो हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ दिया।

8 नामजद, 15 अज्ञात पर केस दर्ज

शहर कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि जेल गेट चौकी इंचार्ज पटेल सिंह राठी की तहरीर पर 8 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में शामिल हैं

1. विजय पाल (मृतक का पिता)

2. रमा देवी (मृतक की मां)

3. संजय (पुत्र महेश, निवासी गोधिया)

4. मधुराम (पुत्र महेश, निवासी गोधिया)

5. महेश (पुत्र डोरेलाल, निवासी गोधिया)

6. महेश्वरी (पत्नी महेश, निवासी गोधिया)

7. सुरेश (पुत्र डोरेलाल, निवासी गोधिया)

8. सुदामा देवी (पत्नी राजेश, निवासी गोधिया)

गांव में हड़कंप, कई लोग भूमिगत

रिपोर्ट दर्ज होने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तारी के डर से कई रिश्तेदार और ग्रामीण घर छोड़कर भूमिगत हो गए हैं और अपने बचाव के प्रयास में जुट गए हैं।

पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Next Story