- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri: कार...
Lakhimpur Kheri: कार और ई-रिक्शा की टक्कर में ई-रिक्शा सवार युवक की मौत

लखीमपुर खीरी: थाना गोला क्षेत्र के गांव जलालपुर में कार और ई-रिक्शा की टक्कर में ई-रिक्शा सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, थाना पढुआ क्षेत्र में परीक्षा देने जा रहे छात्र की बाइक गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पहला हादसा: ई-रिक्शा और कार की टक्कर में युवक की मौत, एक घायल
यह हादसा मंगलवार सुबह पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर गांव जलालपुर पुलिया के पास हुआ। कार की सामने से टक्कर के कारण ई-रिक्शा सड़क किनारे खाई में पलट गया। इसमें गांव ढखवा निवासी सदाशिव (34) पुत्र जगमोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलीप कुमार (28) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल भेजा। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार को कब्जे में ले लिया गया।
दूसरा हादसा: परीक्षा देने जा रहे छात्र की बाइक ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई, मौत
थाना व कस्बा शारदानगर निवासी सूर्यांश वर्मा (पुत्र विक्रम वर्मा) हाईस्कूल का छात्र था। मंगलवार सुबह वह परीक्षा देने के लिए निघासन के एक इंटर कॉलेज जा रहा था। थाना पढुआ क्षेत्र के सिसैया में उसकी बाइक गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त कर परिवार वालों को हादसे की खबर दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





