- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri: सीओ...
Lakhimpur Kheri: सीओ ट्रैफिक का चेकिंग अभियान, सड़क पर नियम तोड़ने वालों को मिली सख्त सजा

लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी में सोमवार शाम ट्रैफिक सीओ शिवम कुमार ने संकटा देवी चौराहा पर अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। इस दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट बाइक चलाने और बिना सीट बेल्ट लगाए कार चलाने वालों को फटकार लगाई गई और 12 से ज्यादा वाहनों का चालान भी किया गया।
सीओ ट्रैफिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सिग्नल लाइट के अनुसार यातायात की स्थिति का जायजा लिया। जिन लोगों ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। ट्रिपल राइडिंग करने वाले युवकों से पूछताछ की गई, जबकि बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट चलने वालों को चेतावनी दी गई कि अगली बार पकड़े जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वाहनों के कागजातों की भी जांच की गई। सीओ ट्रैफिक की अचानक मौजूदगी से कुछ बाइक सवार चौराहे से पहले ही गलियों का सहारा लेकर निकलते नजर आए। इस अभियान से साफ संकेत मिला कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।





