- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri: कार...
Lakhimpur Kheri: कार ने मैरिज हॉल के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची को मारी टक्कर

मझगईं: थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने मैरिज हॉल के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत नाजुक होने के कारण बच्ची को लखनऊ भेजा गया।
हादसा पलिया-निघासन स्टेट हाईवे पर हुआ
घटना रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे पलिया-निघासन स्टेट हाईवे पर बम्हनपुर स्थित मैरिज हॉल के पास हुई। बहराइच जिले के नांदपारा निवासी रवि सोनी अपने परिवार के साथ मझगईं थाना क्षेत्र के गांव छेदुई पतिया के मजरा टापर पुरवा निवासी रमेश सोनी के बेटे प्रदीप कुमार की शादी में शामिल होने आए थे।
शादी समारोह के दौरान रवि सोनी की पांच वर्षीय बेटी लक्ष्मी सोनी मैरिज हॉल के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान निघासन की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उसे टक्कर मार दी।
हवा में उछलकर दूर जा गिरी बच्ची, चालक फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची हवा में उछलकर कुछ दूर जा गिरी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
बच्ची को तुरंत निघासन सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे लखनऊ ले गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार तिकुनिया के किसी व्यक्ति की होने की जानकारी मिली है। पुलिस कार की तलाश कर रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





