उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri : 15 रुपये के लिए देवर ने भाभी की ले ली जान

Tara Tandi
19 March 2024 1:15 PM GMT
Lakhimpur Kheri : 15 रुपये के लिए देवर ने भाभी की ले ली जान
x
लखीमपुर खीरी : लखीमपुर खीरी के शारदानगर थाना क्षेत्र के गांव रामापुर रौली निवासी सूरज की 32 वर्षीय पत्नी रेखा का शव सोमवार की देर रात 11 बजे फंदे से लटका मिला। मृतका के मायके वालों ने पुत्री की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बेटी का बेड के नीचे से 15 रुपये निकालने पर देवर से विवाद हुआ था। जिस पर देवर ने पहले उसे थप्पड़ भी मारा था। इसके बाद देर रात में उसकी हत्या कर दी गई। मायके वालों ने बेटी के ससुरालियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। सूरज नट का आठ साल पहले फरधान क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रेखा देवी के साथ विवाह हुआ था। इन दोनों से एक पांच वर्ष का बेटा भी है।
मृतका रेखा के भाई राजीव और संदीप ने बताया कि शादी के बाद से ही किसी न किसी बात पर शक करते हुए पति और उसके परिजन बहन को परेशान कर रहे थे। इस बारे में बहन ने कई बार मायके में बताया था। नाराज होकर हम लोग मायके ले आया करते थे। हर बार बहन बहनोई को समझा बुझाकर भेजते थे। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर उसे लटका दिया है।
देवर ने मारा था थप्पड़
मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया कि रेखा ने सोमवार को बेड के नीचे से 15 रुपये निकालकर सामान खरीदने के लिए बच्चे को दिए थे, इसको लेकर देवर के साथ विवाद हुआ था। देवर सुनील ने उसे थप्पड़ भी मारे थे। घटना की जानकारी रेखा ने हम लोगों को फोन पर दी थी। इसके बाद देर रात करीब 11 बजे हमें सूचना मिली कि रेखा ने आत्महत्या कर ली है। रेखा आत्महत्या नहीं कर सकती थी। उसे मारा गया है।
वहीं, रेखा के पति सूरज ने पत्नी के चरित्र पर अंगुली उठाई है। उसका कहना है कि शादी के बाद उसकी पत्नी का निघासन थाना क्षेत्र के पचपेड़ी गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। कई बार ससुर और दोनों साले राजीव व संदीप को भी इस बारे में बताया था। इसी बात पर कई बार विवाद भी हुआ। उसने अपनी पत्नी के पास उसके प्रेमी के तीन फोन भी बरामद किए थे।
थाना प्रभारी शारदानगर बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि विवाहिता ने छत के पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मायके वालों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए तहरीर दी थी, अभी तक किसी पर कार्रवाई कराने के लिए तहरीर नहीं दी है। अगर कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जायेगी।
Next Story