उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: भाजपा मंडल महामंत्री पर चली गोली, पूर्व प्रधान पर लगा आरोप

Admindelhi1
26 April 2025 10:23 AM IST
Lakhimpur Kheri: भाजपा मंडल महामंत्री पर चली गोली, पूर्व प्रधान पर लगा आरोप
x
बाल-बाल बचे मंडल महामंत्री

लखीमपुर खीरी: सिंगाही थाना क्षेत्र के निबौरिया गांव में शुक्रवार को यूकेलिप्टस के पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के पूर्व प्रधान ने भाजपा मंडल महामंत्री अरविंद वर्मा पर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि, अरविंद वर्मा और उनके साथी किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले।

अरविंद वर्मा ने बताया कि गांव के उत्तर दिशा में उनके 16 बीघा खेत हैं, जिसमें करीब 50 यूकेलिप्टस के पेड़ लगे थे। इन पेड़ों को उन्होंने 40 हजार रुपये में एक ठेकेदार को बेचा था। जब शुक्रवार को ठेकेदार पेड़ काटने पहुंचा, तो पूर्व प्रधान ने उसे गाली देकर भगा दिया।

इसके बाद ठेकेदार ने अरविंद वर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी। अरविंद जब खुद मौके पर पहुंचे और पेड़ कटवाने लगे, तो पहले पूर्व प्रधान वहां मौजूद नहीं थे। लेकिन जैसे ही उन्हें जानकारी मिली, वे दोनों बेटों के साथ लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचे और गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

इस हमले में अरविंद वर्मा और उनके साथी कमलेश ने किसी तरह खेत से भागकर जान बचाई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने पूर्व प्रधान को पकड़ने के बजाय उसे छोड़ दिया।

इस संबंध में सिंगाही थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस प्रशासन पर निष्पक्ष कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

Next Story