उत्तर प्रदेश

Lakhimpur Kheri: अपाचे सवार बदमाश बाइक सवार महिला के कान से झाला नोचकर फरार हुए

Admindelhi1
27 May 2025 5:24 PM IST
Lakhimpur Kheri: अपाचे सवार बदमाश बाइक सवार महिला के कान से झाला नोचकर फरार हुए
x
दिनदहाड़े वारदात से सनसनी

लखीमपुर खीरी: जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार सुबह दिनदहाड़े अपाचे सवार दो बदमाशों ने एक महिला के कान से सोने का झाला झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के दीनदयाल चौराहा के पास हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नीमगांव थाना क्षेत्र के बाछेपारा गांव निवासी विवेक त्रिवेदी अपनी पत्नी बृजरानी और बच्चों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। उनकी ससुराल बसहा गांव में है, जहां से वह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर के लिए निकले थे।

दीनदयाल चौराहा और खखरा चौराहा के बीच स्थित खंडेलवाल कारखाना के पास अचानक एक सफेद रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पीछे आ गए। बाइक सवार विवेक कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पीछे बैठे बदमाश ने उनकी पत्नी के कान पर झपट्टा मारकर सोने का एक झाला नोच लिया और तेजी से एलआरपी चौराहा की ओर भाग निकले।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने तुरंत यूपी 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल हेमंत राय और एलआरपी चौकी पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित दंपती से जानकारी ली।

चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है, फिर भी बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है, हालांकि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

शहर कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Next Story