- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri:...
Lakhimpur Kheri: ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई

लखीमपुर खीरी: थाना निघासन क्षेत्र में अपनी ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक गांव प्रतापी बेहड़ के पास सड़क किनारे बेहोश पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पति-पत्नी में विवाद, पत्नी अधिक समय मायके में रहती थी
मृतक संजय (25) पुत्र रमई, निवासी जनार्दनपुरवा, कोतवाली धौरहरा, की शादी तीन साल पहले निघासन थाना क्षेत्र के गांव झौव्वापुर की कामिनी देवी से हुई थी। शादी के बाद से ही कामिनी अपने मायके में अधिक रहती थी, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
ससुराल पहुंचने के बाद सड़क किनारे बेहोश मिला
करीब 15 दिन पहले संजय काम के सिलसिले में देहरादून गया था। लौटने के बाद वह सीधे ससुराल पहुंचा, लेकिन शुक्रवार को परिवार को सूचना मिली कि वह गांव प्रतापी बेहड़ के पास सड़क किनारे बेहोश पड़ा है।
इलाज के दौरान हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम
परिजन तुरंत उसे लेकर सीएचसी धौरहरा पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शनिवार शाम संजय ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
ससुराल वालों पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मृतक के परिवार ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।





