- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri: स्कूल...
Lakhimpur Kheri: स्कूल परिसर में शिक्षिका की हत्या, युवक ने उठाया खौफनाक कदम

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले के शाहपुरा कोठी चौराहा स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी में साेमवार सुबह एक युवक ने स्कूल परिसर में महिला शिक्षक काे गाेली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी खुद काे गाेली मारकर खुदकुशी कर ली है। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी (डीएम) अंजनी कुमारी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ख्याति गर्ग पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में पता चला है कि नौरंगाबाद निवासी मोहम्मद साउद (28) सोमवार को चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल आया था। यहां पर वह पहली मंजिल के कॉरिडोर में पहुंचा तो उसकी मुलाकात स्कूल की शिक्षिका निशात फातिमा (26) से हुई। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद अचानक साउद ने अपनी पिस्तौल निकाली और शिक्षिका को गोली मारकर हत्या कर दी। शिक्षिका को गोली मारने के तुरंत बाद उसने अपनी कनपटी पर रखकर गोली चला दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में विद्यालय के बच्चों और स्टॉफ सहम गए। सूचना पाकर पुलिस अफसरों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी ने बताया कि एक युवक ने स्कूल के अंदर शिक्षिका की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को गोली मार ली है। साउद की भी मौत हो गई है। अभी तक इस खौफनाक कदम के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
उठ रहे सवाल: इस पूरी घटना में सबसे बड़ा सवाल स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर खड़ा हो रहा है। आरोपित साउद स्कूल का कोई स्टॉफ नहीं था, बल्कि बाहरी था। ऐसे में एक बाहरी व्यक्ति असलहा (पिस्तौल) लेकर स्कूल के गेट से होते हुए क्लासरूम तक कैसे पहुंच गया? गेट पर उसे पूछताछ के लिए क्यों नहीं रोका गया? इस घोर लापरवाही ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है और स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में ला खड़ा किया है। पुलिस इन सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है।





