- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri:...
Lakhimpur Kheri: तेंदुए के हमले में 4 साल के मासूम की मौत

लखीमपुर खीरी: पलियाकलां क्षेत्र के गांव देवीपुर में बुधवार शाम तेंदुए ने गन्ने के खेत में काम कर रहे मजदूर के बेटे अराध्यम (4) पर हमला कर दिया और उसे खींचकर मार डाला। घटना से परिवार और ग्रामीणों में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के अनुसार, चंदन चौकी के ग्राम परसिया निवासी राधे अपने परिवार के साथ गन्ना छीलने गए थे। शाम करीब चार बजे गन्ने के झुरमुट में घात लगाए तेंदुए ने मासूम अराध्यम पर हमला किया और उसे खेत के अंदर खींच लिया। राधे और अन्य परिजनों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक तेंदुआ बच्चे को काफी अंदर ले जा चुका था। काफी मशक्कत के बाद बच्चे का लहूलुहान शव खेत से बरामद हुआ।
जानकारी मिलते ही पलिया रेंजर विनय कुमार सिंह ने डिप्टी रेंजर शिव बाबू सरोज के नेतृत्व में टीम को घटनास्थल पर भेजा। रेंजर ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन तेंदुओं के हमले से खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है और वे वन विभाग के खिलाफ नाराज़ हैं।





